‘डॉ. की गोली दर्द दूर कर सकती है लेकिन गोलियों का दर्द कौन दूर करता !’
– विनीता बाडमेरा
जैसा कि गोली उपन्यास के प्रारम्भ करने से पहले उसकी प्रस्तावना में ही आचार्य चतुरसेन शास्त्री ने लिखा है,”मेरे आनंद में सबका हिस्सा है, केवल मेरा दर्द मेरे लिए है।” और अब जब यह उपन्यास समाप्त किया तो लगा कि यह पंक्तियां गोलियों के लिए भी सटीक बैठती हैं।
कुछ उपन्यास कालजयी उपन्यास होते हैं। उन्हें किसी भी समय सीमा में बांधा नहीं जा सकता है। परिस्थितियां भले बदल गई हैं लेकिन आज जो इतिहास है वह कभी वर्तमान था और उस समय विशेष में क्या कुछ ऐसा था जो राजाओं के महलों में नजर आने पर नजरअंदाज किया जाता रहा, इसी को नजर में लाने के लिए ही शास्त्री जी ने ‘गोली’ उपन्यास की रचना की।
कौन है गोली और क्या है गोलियों का रहस्य इसके बारे में समझा जा सकता है कुछ इस तरह-
1.गोली- उपन्यास की कहानी राजस्थान के राजाओं के राज की है।राज में भी उस राज्य के गोली की है।गोली-गोला से तात्पर्य जन्मजात गुलाम जिसे चाकर कहा जाता था। गुलाम भी ऐसे कि न अपनी संतान पर अधिकार। न अपनी संपत्ति पर हक। न पति का पत्नी पर अधिकार न पत्नी पर पति का अधिकार। फिर आख़िर गुलामों के भी कोई अधिकार भला होते हैं!
- प्रथा की उत्पत्ति- मुगलों के हरमों में हजारों स्त्रियों की भीड़- भब्भड़ देखा-देखी हिन्दू राजाओं ने भी अपने महलों में स्त्रियों के रेवड़ भरे। बहुपत्नीत्व तो पहले से ही दोनों धर्मों में था ही अब ठाकुरों और राजाओं ने रखैल,उप पत्नी,भोग- दासियां रखना शुरु किया। और इन्हीं रखैलों और उपपत्नी से उत्पन्न संतानों से गोले-गोलियों का जन्म हुआ।
- गोली- गोला की भूमिका- एक -एक राजपूत राजा या ठिकानेदार की लड़की के विवाह में हीरे-जवाहरात और हाथी घोड़े के साथ-साथ दस से लेकर सौ तक गोले- गोलियां दहेज में दिए जाते थे। इनमें से कुछ गोलियां राजा या ठिकानेदार की उपपत्नी या रखैल की तरह रहती थी। राजा या ठिकानेदार उनके साथ संबंध बनाता था लेकिन उनसे उत्पन्न संतान को अपना नाम भला कैसा देता ! कईयों का बापजी बनना भला कैसे संभव! मन बहलाव अलग चीज और राजवंश की गद्दी अलग।अत: ये संतान न तो गुजारा पाने की हकदार थी और न ही रियासत की दावेदार।
- कहानी चंपा की- चंपा भी एक गोली है। चंपा की मां ठिकानेदार की पत्नी के दहेज में आई थी। ठिकानेदार की शारीरिक भूख शांत करती चंपा की मां को उसने पड़दायत बना रखा था जिसका अर्थ था कि उसका विवाह किसी गोले से नहीं हुआ। लेकिन एक स्त्री के लिए यही सब कुछ नहीं होता! फिर भी वंशानुगत चली इस प्रथा का हिस्सा चंपा को बनना ही था।
ठिकानेदार की बेटी ‘कुंवरी’ के साथ ही पली-बढ़ी ‘चंपा’ का पिता भी तो आख़िर वही ठिकानेदार ही था। लेकिन मां गोली थीऔर गोली के गर्भ से जन्म होने पर राजवंश या ठिकानेदार के वंश की मोहर भला कैसे लग सकती थी!
गोलियां का नसीब भी विचित्र है।वह दर्द दूर कर सकती है लेकिन उनका दर्द कौन दूर करता! किसी गोली का सुंदर होना बहुत बड़ा अपराध है यही अपराध चंपा का था। राजा ने उसे इस अपराध की सजा देने के लिए अपने पलंग सेविका के रुप में चुना था। राजस्थान के किसी खास रियासत का राजा उसके साथ संबंध बनाएगा यह तो सौभाग्य की बात है फिर इसके एवज में हीरे-जवाहरात के अमूल्य आभूषण भेंट में दिए जा रहे हैं। खूबसूरत बनारसी और सोने चांदी के तारों से बने परिधान शरीर पर शोभित हो रहे हैं।दास-दासियां हाथ बांधे सेवा में खड़े रहते हैं। राजा उसके साथ भोजन अरोगते हैं। फिर इतने सुख हर किसी को कहां ही मिलते! यह सौभाग्य नहीं तो और क्या है!परन्तु राजा की रानी ‘कुंवरी’जो उसकी बहन सम थी ने उसका परित्याग कर दिया। राजा के साथ पत्नी बन एक महल मे रही पर उनसे भी कभी बातचीत नहीं की। कभी संबंध नहीं बनाए। यह दुःख हिए में कांटे की तरह चुभता है। साथ खेली सहेली ‘कुंवरी’ ने उससे सारे संबंध यकायक तोड़ लिए। इसका कारण पहली ही रात राजा ने अपनी रानी के साथ न गुजार कर चंपा के साथ गुजारी।किन्तु उसका अपराध? वह तो चाकर थी और चाकर ने तो अपने स्वामी के आदेश का पालन ही तो किया था!
दर्द तो कुंवरी और अन्य रानियों ने भी कम नहीं सहे लेकिन उसका दुःख कैसे कोई जान सकता ! सच है कि वह राजा की पलंग- सेविका बनी पर राजा के प्रति प्रेम का सोता कभी नहीं फूटा। कभी कोई प्रेम की हिलोर नहीं उठी। यह हिलोर तो उठी गोला किसुन के लिए। किसुन जिसके साथ विवाह तो हुआ लेकिन उसके पास पति का कोई अधिकार नहीं,बस है तो कर्त्तव्य है और वह यह कि उसे राजा को सुख देने वाली चंपा के बच्चों का पिता बन उनका पालन करना है। परन्तु अपने पति सुख की कोई चाहत भूल से भी नहीं रखनी है।
- राजाओं की तुच्छ मानसिकता- गोली उपन्यास की कहानी किसी एक चंपा की कहानी नहीं है। राजस्थान के राजाओं के महलों में अनगिनत चंपाएं थी। जिनका दायित्व था अपने स्वामी की इच्छाओं का मान रखना। फिर अपनी इच्छा का क्या! ऐसे कितने ही प्रश्न उठाते ‘गोली’ उपन्यास में राजस्थान के राजाओं के अनूठे शौक भी हैं और उन शौक को पूरे करने के साधन भी। राजमहल की कूटनीतिक चाले भी हैं और नित नए षड्यंत्र भी। यह बहुत बड़ा सत्य है कि राजा जब युद्ध से थक-हार कर लौटते तो शिकार और स्त्रियों से ही अपना मन बहलाते थे। उनका तो मन बहलाव था किन्तु महलों मे रह रही रानियां, रखैलों और उपपत्नियों के मन में क्या है यह कब किस ने जाना!
- रुठी रानी उमादे- गोली उपन्यास को पढ़ते हुए फतेह सिंह भाटी का लिखा उपन्यास ‘उमादे’भी याद आया। उमादे भी राजकुमारी थी जिसका विवाह जोधपुर के राजा से हुआ लेकिन उस राजा ने भी शादी की पहली रात उमादे के महल में न गुजार कर दहेज में आई भारमली दासी के साथ गुजारी। उमादे पर क्या गुजरी यह सिर्फ वही जान सकती थी । उसने कभी मुड़कर राजा की तरफ नहीं देखा और इतिहास में वह रुठी रानी के नाम से जानी गई ।
7.सत्य तो यही था- राजाओं ने अपनी भोगलिप्सा में न दासी देखी न खुद की उम्र। वासना के हाथों गुलाम इन राजाओं के लिए औरत सिर्फ मन बहलाव का साधन मात्र थी और इसी कारण दुख रानियों ने भी भोगे तो गोलियों ने भी। हां किसी रानी के आत्मसम्मान ने राजा के साथ हमबिस्तर होने से इन्कार भी किया और सम्मानजनक दूरी भी बनाई परन्तु गोली को इतना हक नहीं। वह गुलाम है। राजघराने की नहीं है उसे बस सहना है और बहुत कुछ सहना है। उसका भले कोई अपराध नहीं है लेकिन सजा तो भुगतनी ही है।
राजा की तलवार से हुए विवाह को ही विवाह मानते इस उपन्यास में अंग्रेजों का दबदबा भी है और कितनी ही स्त्रियों की करुण गाथा भी है।हालाकि अब न राजाओं के राज है न उस तरह की परिस्थितियां। किन्तु आज वर्षों बाद भी इस उपन्यास की प्रासंगिकता है और वह इसलिए कि हमें अतीत की कड़वी सच्चाइयों का ध्यान रहे। गोली उपन्यास मात्र गोलियों के दर्द को ही नहीं दिखाता वरन राजाओं की भोग विलास का भी काला चिट्ठा खोलता है। हालांकि न राजस्थान का हर राजा ऐसा था न हर राजवंश में उमादे और कुंवरी ही रही। तथापि कुछ सच्चाइयों को मानने से इन्कार नहीं किया जा सकता।
अस्तु गोली को पढ़ना अतीत की कड़वी सच्चाइयों को जानना भी है। मानवीयता के इस बिखरे रुप को समझना भी है।स्त्री की पीड़ा और दर्द से रुबरु होना भी है।
उपन्यास- गोलीलेखक- आचार्य चतुरसेन शास्त्रीप्रकाशक- राजपाल एंड सन्जमूल्य-225/प्रकाशनवर्ष-2020
समीक्षक परिचय विनीता बाडमेरा2023 में साहित्य अकादमी के सहयोग से पहला कहानी संग्रह ‘ एक बार आख़िरी बार’ प्रकाशित बया, वागर्थ, पाखी, कथा देश, मधुमती, आजकल, किस्सा, परिंदें, दोआबा, अक्षरा, आदि महत्वपूर्ण पत्रिकाओं में कविता कहानियां प्रकाशित। संपर्क विनीता बाडमेरा बाड़मेरा स्टोर कमल मेडिकल के सामने नगरा, अजमेर राजस्थान 305001 मोबाइल 9680571640
