27 C
Delhi
होम बलमा जी का स्टूडियो । Balamaji ka studio

    बलमा जी का स्टूडियो । Balamaji ka studio

    1
    81
    बलमा जी का स्टूडियो । Balamaji ka studio
    बलमा जी का स्टूडियो’ उभरती हुई युवा कहानीकार सोनी पांडेय का पहला कहानी संग्रह है | इस संग्रह में उनकी दस कहानियां हैं | सोनी पांडेय की यह कहानियां प्रचलित स्त्रीकथा विमर्श से हटकर लिखी हुई कहानियां हैं इसलिए इन्हें पढ़कर पाठक को एक नया आस्वाद मिलता है | सोनी पांडेय का इससे पहले ‘मन की खुलती गिरहें’ एक कविता संग्रह भी प्रकाशित हो चुका है | वह एक वैचारिक प्रतिभासंपन्न लेखिका हैं |  

    पुस्तक समीक्षा

    औरत के हिस्से का आकाश

    राहुल देव

    ‘बलमा जी का स्टूडियो’ उभरती हुई युवा कहानीकार सोनी पांडेय का पहला कहानी संग्रह है | इस संग्रह में उनकी दस कहानियां हैं | सोनी पांडेय की यह कहानियां प्रचलित स्त्रीकथा विमर्श से हटकर लिखी हुई कहानियां हैं इसलिए इन्हें पढ़कर पाठक को एक नया आस्वाद मिलता है | सोनी पांडेय का इससे पहले ‘मन की खुलती गिरहें’ एक कविता संग्रह भी प्रकाशित हो चुका है | वह एक वैचारिक प्रतिभासंपन्न लेखिका हैं | उनकी कहानियां कहीं न कहीं मुझे उनकी कविताओं का ही विस्तार लगतीं हैं यानि रचनाकार जो कविताओं के माध्यम से अभिव्यक्त न कर सकी उसे यह कहानियां आकार देती नज़र आती हैं | कथालेखन करते हुए उन्होंने ग्रामीण यथार्थ को बड़ी जीवन्तता और विश्वसनीयता के साथ प्रस्तुत किया है | अच्छी बात यह कि वह अपनी कहानियों अपने किसी पूर्ववर्ती के पदचिन्हों पर न चलते हुए खुद से अपनी मौलिक पहचान बनाने की सफल कोशिश करती नजर आती हैं |

    इस संग्रह की कहानियों को पढ़कर आप अपने असल भारतीय कथालोक से जुड़ते हैं | सोनी का अपनी कहानियों में ग्रामीण स्त्री के जीवन को पकड़ पाने तथा आंचलिक कथाभाषा पर पूरा अधिकार है | संग्रह की सभी कहानियां लगभग चर्चित पत्र-पत्रिकाओं में छपकर पहले ही चर्चित रह चुकी हैं | ऐसे समय में जब महानगरों की स्त्री लेखिकाएं साहित्य के नाम पर स्त्री विमर्श का देहवादी एक सूत्रीय एजेंडा उठाकर नारे लगा रही हों आजमगढ़ जैसे छोटे से शहर की यह लेखिका एक नई उम्मीदों की तरह से हमारे सामने आती है |

    संग्रह की पहली कहानी ही है ‘बलमा जी का स्टूडियो’ | यह एक लम्बी लेकिन पठनीयता से भरपूर कहानी है | ग्रामीण जीवन के तमाम कथारंग इस कहानी में बड़ी ख़ूबसूरती के साथ उभरे हैं | लम्बी होकर भी यह अत्यंत सुगठित कहानी है | कहानी को नैरेटर अपनी स्मृतियों के साथ शुरू करती है और अंत में जिस तरह से वह अपने गाँव पर शहरी आधुनिकता के दुष्प्रभाव को दिखाती है वह किस्सागोई की लुप्त होती परम्परा को जीवित कर देती है | आज ऐसी ही कहानियों की जरुरत है | इसमें तस्वीर के उजले और स्याह दोनों ही पहलू हैं | सोनी की कहानियां पढ़ते हुए आपको रेणु की याद आ जाना स्वाभाविक है | सोनी की कहानियां सीधे सीधे उनकी परम्परा से जुड़ती हैं | सोनी की इन कहानियों की सफलता का राज़ उनका अपने परिवेश से गहरा जुड़ाव है जिसे अनुभवों से उत्खनित कर उन्होंने कहानी का रूप दे दिया है | ‘बेबी’ खुद इस कहानी की सबसे सशक्त स्त्री पात्र है | वह साहसी है और संवेदनशील भी | परिवार और समाज की जंजीरों से जकड़ी हुई अपने आसपास की औरतों के सपनों और जीवन को देखकर वह बेचैन होती है | ‘कभी मन होता, सबके घर जाकर कह दूँ और बलमा की जमकर धुनाई करवाऊ…| फिर खयाल आता, लड़कियों की तोड़ाई पहले होगी | बदनामी अलग से | मैं सोचती रही |’ इस कहानी में आया ‘बलमा’ भी बड़ा रोचक और जरुरी चरित्र है | कहानी के प्रारंभ में आप उसको लेकर आपकी राय कहानी के अंत होते होते बदल जाती है | इस कहानी में जहाँ बचपन के प्रेम की तमाम खुश्बुएं हैं वहीँ गाँव के भीतर की तमाम समस्याएं और टकराहटें भी | कहानी आपको अपने भीतर ले जाकर संवाद करती चलती है | शीर्षक कहानी इस संग्रह की सबसे सशक्त कहानी है |

    ‘टूटती वर्जनाएं’ हमारे गाँवों में कर्मकांड और अंधभक्ति की समस्या पर केन्द्रित है | इस कहानी में लेखिका ने दिखाया है कि किस तरह से आज भी शिक्षित हो जाने के बावजूद आज भी गाँव के परिवारों के अन्दर कुल परम्परा के नाम पर कैसे छोटे-छोटे भ्रम भक्ति में और फिर अंधभक्ति में बदलते जाते हैं | ‘स्वर्ग-नर्क’ कहानी में परिस्थितियों के बदलाव किस तरह आपसी रिश्तों तक को बदल देते हैं, किस तरह एक स्त्री ही स्त्री की दुश्मन बन जाती है, पर आधारित कथानक बुना गया है | ‘अंजुमन खाला को गुस्सा क्यों नही आता’ भी एक अच्छी कहानी बन पड़ी है | इस कहानी में लेखिका ने बड़ी कुशलता के साथ मुस्लिम परिवेश और भाषा की नफासत का प्रयोग किया है | इनके यहाँ रोती-कलपती नही बल्कि अशिक्षा और विषम परिस्थितियों के बावजूद वे हुनरमंद स्त्रियाँ हैं जो स्वाभिमान के साथ अपनी रोटी कमाना जानती हैं | वे संघर्षों से विचलित होकर मार्ग नही भटकतीं बल्कि जीवन को तमाम मुश्किल हालातों के बावजूद हँसते हुए जीना चाहती हैं | ‘वे हुनरमंद औरतें मेरे देखते-देखते धर्म की गलियों से निकल मनुष्यता की सड़क पर मिलने लगीं थीं |’ इसके बदले में उसकी पुरुषों से क्या अपेक्षा है वह भी स्पष्ट है, ’औरत जीवन में एक अदद मोहब्बत ही तो चाहती है मर्द से, बदले में उसके लिए खुशी-ख़ुशी कुर्बान हो जाती है |’

    आम मध्य वर्ग से लेकर निम्न वर्ग तक की औरतें व उनसे जुड़ी घटनाएँ उनकी लगभग सभी कहानियों में आयी हैं | फिर चाहे पर बेबी हो, अम्मा हो, उच्च शिक्षित ज्योत्सना हो, रेखा हो, सलमा हो, कनिया हो, पारुल हो, चुनमुनिया हो, मुन्नी हो या फिर आठवीं पास रधिका हो, ‘औरतें यहाँ शिव की तरह हलाहल कंठ में रोकने में सिद्धहस्त होती है | सबने मौन हलाहल पी लिया कि परिवार में शांति बनी रहे |’ (जाजिम) ‘जानती हो रधिका, जो औरत अपने पैरों पर खड़ी हो औकात में आ जाए, बड़े से बड़े विरोधी पस्त हो जाते हैं | अकेली औरत के सारे पुण्य तभी तक पाप हैं, जब तक वह कमज़ोर है | सबल होते ही इस ज़माने में पाप भी पुण्य हो जाते हैं |’ (मोरी साड़ी अनाड़ी न माने राजा) यह सभी प्रमुख स्त्री कथाचरित्र बड़े जाने पहचाने और अपने से लगते हैं | उनमें आत्मविश्वास है और कुछ कर गुजरने की धुन | आप कहानियां पढ़ते हैं तो ऐसा लगता है मानो लेखिका इन कहानियों के माध्यम से अपने वंचित समाज के लोगों के दर्द को हमसे साझा करना चाहती हो |

    उपरोक्त कहानियों के अलावा इस संग्रह में ‘बुद्धि-शुद्धि-महायज्ञ’, ‘एही ठियामुनरी हेरानी हो रामा’ और ‘मोरी साड़ी अनाड़ी न माने राजा’ भी उल्लेखनीय कहानियां हैं | शेष कहानियां अपेक्षाकृत औसत लगीं जिनपर और काम किया जा सकता था | लेखिका का पहला संग्रह है इसलिए इस बात की छूट दी जा सकती है | वैसे भी उन्होंने अपनी पहली ही कहानी से ऐसा लेवल सेट कर दिया है कि अब उनसे हमारी अपेक्षाएं थोड़ा बढ़ जाती हैं | सुखद है कि सोनी पूरी तैयारी के साथ कहानी के मैदान में उतरी हैं और लगातार अच्छी कहानियां लिख रही हैं | उनके भण्डार में विषयों की कमी नही |

    सोनी पांडेय का कहानी कहने का ढंग बड़ा ही सहज है | वह पाठक को तमाम अन्य लेखिकाओं की तरह अपने कथाकौशल से आतंकित नही करती न ही बेवजह के उबाऊ विवरणों में फँसती हैं | कहानी कहाँ से शुरू करनी है और किस तरह उसे निर्वाह तक ले जाना है उन्हें बखूबी पता है | किसी लेखिका की पहली किताब इतनी मुक्कमल हो बहुत कम देखने को मिलता है | निश्चित ही उन्हें अपने लोक की गहराई से समझ है | कहानियों के बीच-बीच में प्रसंगानुरूप आए लोकगीत पढ़कर आप इस बात की तस्दीक कर सकेंगें | वह किसी जल्दबाजी में नही दिखती यह बहुत अच्छी बात है | इस संग्रह के बाद पाठकों की ओर से उनकी ज़िम्मेदारी भी बढ़ गयी है | उनसे समकालीन हिंदी कथा साहित्य को बड़ी उम्मीदें रहेंगीं |

    बलमा जी का स्टूडियो/ कहानी संग्रह/ सोनी पांडेय/ रश्मि प्रकाशन, लखनऊ/ 2018/ पृष्ठ 126/ मूल्य 135/-

    —

    9/48 साहित्य सदन, कोतवाली मार्ग, महमूदाबाद (अवध), सीतापुर, उ.प्र. 261203

    मो. 09454112975